गैर इरादतन हत्या के मामले में कोर्ट ने 7 अभियुक्तों को सुनाई 10 साल की सजा
बलिया के जिला एवं सत्र न्यायालय ने आठ साल पुराने गैर इरादतन हत्या के एक मामले में सात लोगों को दस साल की सजा और जुर्माने का फैसला सुनाया है।

बलिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार झा की अदालत ने लगभग आठ वर्ष पुराने गैर इरादतन हत्या के मामले में फैसला सुनाया है। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सात अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए दस-दस साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने सभी अभियुक्तों पर कुल मिलाकर 1 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न देने की स्थिति में अभियुक्तों को दो वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
सजा पाने वाले अभियुक्तों में बांसडीह थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी संदीप, श्रीभगवान, राजकुमार, सनोज, मुकेश, प्रेम कुमार और अनिल साहनी शामिल हैं। अदालत ने इन सभी को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी पाया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना लगभग 8 वर्ष पहले बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में हुई थी। गांव के धर्मेंद्र को अभियुक्तों ने गाली-गलौज की और मना करने पर उत्तेजित होकर लोहे की रॉड तथा डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने पर धर्मेंद्र की मृत्यु हो गई थी।
इस मामले में सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से संजीव कुमार सिंह ने गवाहों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया, जबकि बचाव पक्ष ने भी अपनी दलीलें रखीं। सबूतों और गवाहों के आधार पर अदालत ने यह फैसला सुनाया।
स्रोत: Purvanchal24, Purvanchal24
गलती बताएं