बलिया में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए हेल्पलाइन शुरू, शिविर 28-29 को
बलिया में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन शुरू हुई है तथा 28 एवं 29 नवंबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय बलिया द्वारा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी व शिकायतों के समाधान के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर का हेल्पलाइन नंबर 05498-225808 है, जो रोजाना सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक काम करेगा।
प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बलिया जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, इन दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रारंभिक मतदाता सूची के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ पर उपस्थित रहेंगे।
इन शिविरों के दौरान नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से बूथ पर जाकर सूची देखने, नाम न होने पर आवेदन करने तथा किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।
