बलिया में स्वच्छ भारत मिशन के कर्मचारियों ने डीपीआरओ को सौंपा ज्ञापन
बलिया में स्वच्छ भारत मिशन के आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, कैशलेस इलाज और दुर्घटना बीमा जैसी मांगों को लेकर डीपीआरओ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

बलिया में शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत पंचायती राज विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कंसल्टेंट एम्प्लॉइज वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार श्रीवास्तव को पंचायती राज विभाग के निदेशक और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के मिशन निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों और संघ के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह के अनुसार, पिछले 10 वर्षों से उनका मानदेय नहीं बढ़ाया गया है। ज्ञापन के जरिए मांग की गई है कि मानदेय गाइडलाइन के अनुसार तय कर हर साल 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। इसके साथ ही 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज, 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, मानदेय से कटे जीएसटी और सेवा कर की वापसी तथा महिला कर्मियों के लिए मातृत्व अवकाश की सुविधा दी जाए। कर्मचारियों ने एचआर पॉलिसी बनाने और पारस्परिक स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने की भी बात कही है।
संघ के अनुसार, मिशन के 33 दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को अब तक आर्थिक सहायता नहीं मिली है, जिन्हें देय लाभ देने की मांग की गई है। इस दौरान जिला कंसल्टेंट शैलेश कुमार ओझा, विशाल सिंह, गोपाल राय, लेखाकार, खंड प्रेरक और कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद रहे।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं