बलिया: ददरी मेले में झूले-चरखी चलाने को मिली अनुमति
एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बलिया के ददरी मेले में झूले और मनोरंजन के साधन शुरू करने की अनुमति दे दी गई है।

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले के मीना बाजार में लोगों की भीड़ जुटने लगी है। प्रशासन के अनुसार मेले में रोजाना करीब दो हजार से ढाई हजार लोग पहुंच रहे हैं। यहां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोग खरीदारी करने के साथ खानपान का आनंद ले रहे हैं। महिलाओं द्वारा गर्म कपड़ों और शादी-विवाह के सामान की खरीदारी की जा रही है। मेले में विभिन्न प्रकार के घरेलू सामान, कंबल, कालीन और खादी की दुकानें सज चुकी हैं।
झूला संचालक आशीष साहू के अनुसार एनओसी की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण तीन दिनों से झूले और अन्य मनोरंजन के साधन बंद पड़े थे। इसके लिए विद्युत, लोक निर्माण, अग्निशमन, पुलिस और मनोरंजन विभाग की रिपोर्ट जमा कराई गई थी। बृहस्पतिवार की देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा द्वारा संचालन की अनुमति दिए जाने के बाद झूलों के शुरू होने का रास्ता साफ हो गया।
प्रशासन और दुकानदारों को आने वाले रविवार को मेले में और अधिक भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। एनओसी मिलने से पहले कारीगर दिनभर झूलों की मरम्मत में लगे रहे, जिससे शुरुआत में पहुंचे लोगों को बिना झूला झूले वापस लौटना पड़ा था। अनुमति मिलने के बाद अब मेले में मनोरंजन की गतिविधियां पूरी तरह शुरू हो सकेंगी।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं
