बलिया: छाड़न घाट पर अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, जेसीबी और ट्रैक्टर सीज
फेफना थाना क्षेत्र के हसनपुरा स्थित छाड़न घाट पर देर रात छापेमारी कर प्रशासन ने खनन में लगी जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया।
फेफना थाना क्षेत्र के थमहनपुरा अंतर्गत हसनपुरा स्थित छाड़न घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार देर रात लगभग दो बजे एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह और सीओ सदर अक्षय कुमार ने पुलिस तथा राजस्व टीम के साथ अचानक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध खनन में लगी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली (एक बालू से भरी और एक खाली) को जब्त कर सीज कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, टीम को देखते ही खनन में शामिल लोग भाग खड़े हुए। पकड़े गए तीनों वाहनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सदर अक्षय कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली खबर के आधार पर यह संयुक्त छापेमारी की गई थी। कटान और रेड जोन की संवेदनशीलता के बावजूद वहां बालू का अवैध खनन किया जा रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध बालू खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं