बलिया में 70 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों के संवरने पर खर्च होंगे 7 करोड़
संविधान दिवस पर बलिया में 70 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का शिलान्यास किया गया, जिस पर सात करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बलिया में संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान की प्रस्तावना के पाठन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों और कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों को संविधान के प्रति निष्ठा और इसके मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
जिलाधिकारी ने जनपद में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थलों के पुनरुद्धार की महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए जिले के 70 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास किया। प्रशासन के अनुसार इस परियोजना पर कुल सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और प्रत्येक प्रतिमा स्थल के विकास तथा सौंदर्यीकरण पर 10 लाख रुपये की धनराशि व्यय होगी। शासन की नीति के तहत जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों का चयन किया गया है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
पुनरुद्धार योजना के तहत प्रतिमा स्थलों पर छतरी, बाउंड्रीवाल, हरियाली और लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर वातावरण तैयार हो सके। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित प्रतिमा का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, सीआरओ गुलशन जी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किए जाने के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला गया और समाज के अंतिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
स्रोत: Purvanchal24, Purvanchal24
गलती बताएं